सवाई माधोपुर। जिले की मानटाउन थाना पुलिस ने लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी बुद्धि प्रकाश (27) पुत्र अमरलाल कुम्हार उर्फ अमर्या निवासी नीम चौकी शहर सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी पिछले करीब डेढ़ साल से फरार चल रहा था। मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि 9 सितंबर 2023 को बुद्धिप्रकाश पुत्र हीरालाल बैरवा निवासी फलौदी गांव थाना रवांजना डूंगर परीक्षा देने के लिए जाना था। इसी दौरान रात को खेरदा से सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन जा रहा था। तभी बाइक पर सवार हो कर आए 3 बदमाशों ने बरवाड़ा बस स्टैण्ड पर जैन श्रीवक भवन के पास आंखों पर सब्जी डालकर बुरी तरह मारपीट की। जिससे वह घायल हो गया। घायल होने पर आरोपी उससे नकदी व मोबाइल छीन कर ले गए।
वारदात के बाद पुलिस की टीम की ओर से सीसीटीवी कैमरा देखे गए। संदिग्धों से पूछताछ की गई। तकनीकी संसाधनों के माध्यम से अनुसंधान किया गया। तकनीकी अनुसंधान से पाया गया कि वारदात में शाहरूख व उसके 2 साथी शामिल थे। वारदात के बाद शाहरुख सवाई माधोपुर से भाग गया था। पुलिस की टीम ने शाहरुख को 28 अक्टूबर 2024 को बरवाड़ा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया था। शाहरुख से घटना में छीना गया मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस ने शाहरुख से पूछताछ पर अपने साथ अपने पड़ोसी राशिद व एक अन्य साथी बुद्धि प्रकाश का वारदात में शामिल होना बताया। पुलिस थाना मानटाउन की ओर से घटना में शामिल शेष 2 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। हाल ही में पुलिस ने आरोपी राशिद को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद शुक्रवार को बुद्धि प्रकाश को गिरफ्तार किया गया है।