पाली। जिले में 30 साल का बाइक सवार युवक सड़क पर अचानक आए मवेशी से टकरा गया। हादसे में मवेशी का सिंग उनके पेट में घुस गया। पेट फटने से उसकी आंते बाहर आ गई। गंभीर हालत में उपचार के लिए हॉस्पिटल लाया गया। जहां करीब पांच घंटे तक उसका ऑपरेशन चला। आंत खराब होने के चलते डॉक्टर्स को करीब 7-8 फीट लम्बाई तक उसकी आंत काटनी पड़ी। ताकि उसकी जान बच सके। युवक का फिलहाल उपचार जारी है। दरअसल पाली के हेमावास गांव में रहने वाला 30 साल का मोहम्मद अली पुत्र मोहम्मद मुस्ताक मुस्लिम मुसाफिर खान के नीचे पंचर की शॉप चलाता है और ड्राइविंग भी करता है। मंगलवार रात को वह कुलाथाना गांव से वापस पाली की तरफ बाइक से आ रहा था। इस दौरान कुलाथाना गांव के निकट ही उसकी बाइक के सामने अचानक मवेशी आ गया। हादसे में मवेशी का सिंग उसके पेट में घुस गया। जिससे करीब छह-सात इंच तक उसका पेट फट गया और आंते बाहर आ गई। ग्रामीणों हादसा देखा तो पेट से बाहर आई आंतों को अंदर डाला और कपड़ से पेट बांधा और इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
मंगलवार रात करीब सवा बाहर बजे घायल युवक को उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रात करीब दो बजे उसका ऑपरेशन शुरू किया गया। जो बुधवार सुबह सात बजे तक चला। मरीज का ऑपरेशन करने वाले बांगड़ हॉस्पिटल के डॉक्टर मोहनलाल ने बताया कि युवक को जब लाया गया तो उसकी हालत गंभीर थी। तुरंत ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे में उसकी बॉडी से काफी खून बहा ऐसे में ऑपरेशन के दौरान चार यूनिट ब्लड चढ़ाना पड़ा। छोटी आंत का काफी हिस्सा काला पड़ गया जिससे गैंगरीन हो गया। आंत का खराब हिस्सा होने से करीब आठ फीट तक छोटी आंत को काटकर उसे वापस छोड़ा गया। मरीज की बड़ी आंत में भी घाव हो गया था। जिसे भी ठीक किया गया। मरीज हॉस्पिटल में भर्ती है और इलाज जारी है। ऑपरेशन करने वाले टीम में डॉक्टर दिनेश सोलंकी, डॉ स्वाति ओझा, डॉ बाबूलाल, डॉ ओपी सुथार शामिल रहे। ऑपरेशन डॉ एमएल लोहिया के निर्देशन में किया गया।