अलवर। सरिस्का रोड पर कुशालगढ़ के निकट पहाड़ी पर रविवार शाम दो-दो टाइगर दिखे। इस रोड से निकल रहे वाहन रुक गए। काफी लोगों की भीड़ जुट गई। आमजन ने पहाड़ी पर बैठे टाइगर के फोटो वीडियो बनाए। अलवर शहर निवासी विमल तिवाड़ी ने बताया कि रविवार शाम को जयपुर जाते समय कुशालगढ़ से थोड़ी पहले पुलिया के पास कई वाहन खड़े मिले। पता लगा पहाड़ी पर टाइगर घूम रहे हैं। तब हमने भी वहां दो टाइगर आसपास देखे। करीब 30 से 40 मिनट तक टाइगर पहाड़ी पर ही दिखे। कभी बैठे नजर आए। कभी आसपास घूमते दिखे। जब अंधेरा होने लग गया तब वाहन निकलते गए। यह नजारा रोड से करीब 300 मीटर दूर था। लेकिन कैमरे में अच्दे से नजर आ रहा था।
असल में सरिस्का के बीचों बीच निकल रहे रोड के कारण कई बार टाइगर आसपास दिख जाते हैं। बहुत बार रोड क्रॉस करते हुए दिख चुके हैं। वैसे भी अकबरपुर रेंज व तालवृक्ष रेंज में सबसे अधिक टाइगर की संख्या है। यह उन दोनों के बीच का हिस्सा है। तालवृक्ष रेंज बिल्कुल शांतिपूर्ण जंगल है। यहां किसी तरह की सफारी भी नहीं होती है। पिछले दिनों यहां दो टाइग्रेस ने चार-चार शावक जन्में हैं। इस कारण इस रेंज करीब 11 टाइगर हैं। वहीं अकबरपुर रेंज में करीब 8 टाइगर हैं।