झालावाड़। जिले में होली और धुलेंडी के त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। डिप्टी एसपी हर्षराज सिंह खरेड़ा के नेतृत्व में बीती रात शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में ट्रैफिक पुलिस, महिला पुलिसकर्मी और अन्य स्टाफ शामिल रहे। यह मार्च गढ़ परिसर से शुरू होकर सर्राफा बाजार, पील खाना, चंदा महाराज पुलिया, नला मोहल्ला, तोप खाना और गांव घेर तक के इलाके से गुजरा।
एसपी ऋचा तोमर ने कहा कि त्योहारों को लेकर पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। होली-धुलेंडी पर शराब पीकर उत्पात मचाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील कर रहा है। शहर के हर कोने में पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।