डूंगरपुर। एसपी मोनिका सेन आज शनिवार को दोवड़ा और आसपुर पुलिस थाने सहित आसपुर वृत्त कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। वहीं रिकॉर्ड संधारण सहित अन्य व्यवस्थाएं देखते हुए अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसपी ने पुलिस अधिकारियों की बैठक लेते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था की समीक्षा भी की। आसपुर पहुंचने पर डीएसपी हनुवंत सिंह भाटी ने एसपी मोनिका सेन को गुलदस्ता देकर अगवानी की। वहीं पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर एसपी का स्वागत किया। इसके बाद में डिप्टी ऑफिस के अंतर्गत आने वाले थाना क्षेत्र में पेंडिंग मामले और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। साथ ही अनुसंधान कक्ष रिकॉर्ड रूम, कंप्यूटर रूम समेत कई शाखाओं के बारे जानकारी लेकर दिशा निर्देश दिए।
एसपी सेन ने सभी थानाधिकारियों की क्राइम बैठक ली। बैठक में एसपी ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस को चुस्त-दुरुस्त रहने और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं कहा कि जिले में कानून व्यवस्था और संगठित अपराधों पर नियंत्रण पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उसके बाद एसपी आसपुर थाना पहुंचीं, जहां वार्षिक निरीक्षण किया। जहां पुलिस जवानों से संवाद भी किया। वहीं पुलिस को होने वाली समस्याओं से रूबरू हुईं। मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, बैरक सहित कई शाखाओं का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। इससे पूर्व सुबह एसपी ने दोवड़ा का भी निरीक्षण किया।