झालावाड़। जिले में हवाई यात्रा का सपना अब साकार होने जा रहा है। कोलाना हवाई पट्टी से 12 अप्रैल को दोपहर 3 बजे पहली हवाई सेवा शुरू होगी। दिल्ली से आने वाले 16 सीटर डबल इंजन विमान के साथ इस सेवा का विधिवत उद्घाटन होगा। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस ऐतिहासिक पल की साक्षी बनेंगी। उल्लेखनीय है कि कोलाना हवाई पट्टी के विकास में राजे का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके प्रयासों से यह उत्तरी भारत की तीन प्रमुख हवाई पट्टियों में से एक बन गई है।
पहली उड़ान में वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह समेत कई अन्य यात्री सफर करेंगे। कोलाना हवाई पट्टी को इस तरह विकसित किया गया है कि यहां विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव हो सके। इस हवाई सेवा की शुरुआत से झालावाड़ का नाम राजस्थान के उन जिलों में जुड़ जाएगा, जहां से लोग हवाई यात्रा कर सकते हैं। स्थानीय लोगों में इस सेवा को लेकर उत्साह का माहौल है। वर्षों से प्रतीक्षित यह सुविधा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। यह न केवल यात्रा को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति प्रदान करेगी।