चूरू। जिले के रतननगर थाना क्षेत्र के थेलासर गांव में गर्भवती महिला की मौत हो गई। खेत में काम करते समय उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। एकता (32) छह महीने की गर्भवती थी और खेत में कृषि कार्य कर रही थी। बुधवार शाम को खेत में काम करते समय एकता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत निजी वाहन से डीबी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला के ससुर रामेश्वरलाल की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। एकता की शादी करीब 10 साल पहले सुभाष के साथ हुई थी। उसका एक 5 वर्षीय बेटा भी है। सुभाष काम के सिलसिले में दूसरी जगह रहता है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और रतननगर थाने को सूचना दी। रतननगर थाने से हेड कॉन्स्टेबल अमरचंद टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और आगे की कार्रवाई की। महिला के पीहर पक्ष के आने के बाद ही शव को परिजनों को सौंपा गया।