भरतपुर। कोर्ट परिसर में डबल मर्डर के आरोपी ने अपर लोक अभियोजक को पिस्टल निकालकर धमकी दे दी। आरोपी का कहना था कि अपर लोक अभियोजक उसके केस की पैरवी न करे। इस घटना के बाद वकीलों ने कोर्ट परिसर के बाहर रोड़ को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची मथुरा गेट पुलिस ने समझाइश कर जाम को खुलवाया। अपर लोक अभियोजक भगत सिंह सूरौता ने बताया कि ADJ संख्या-2 लाखन नाम से एक फ़ाइल चल रही है। उसमें दिलावर नाम का आरोपी था। आरोपी पर पिता-पुत्र की हत्या का आरोप है। उसने मुझे कोर्ट में धमकी दी है कि आप जो, प्रभावी रूप से पैरवी कर रहे हैं। वह पैरवी नहीं करेंगे। तब मैंने उससे कहा मुझे सरकार की तरफ से नियुक्त किया गया है। तब उसने पिस्टल निकालकर मुझे धमकी दी। उसके साथ 4 से 5 लोग थे। उसने मुझे धमकी दी कि अगर आपने पैरवी की तो, आपकी तस्वीर पर माला चढ़वा देंगे। जैसे दो मर्डर किए वैसे तीसरा मर्डर किया। उसके बाद वहां आसपास मौजूद वकील आ गए। तभी वह भाग गए। आरोपी सुभाष नगर का रहने वाला है। यह घटना करीब 12 बजे की है।
इस घटना से नाराज वकीलों ने कोर्ट के बाहर रोड़ को जाम कर दिया। घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को लगी तो, पुलिस मौके पर पहुंची और, वकीलों से समझाइश कर जाम को खुलवाया। फिलहाल सभी वकील आगे की कार्रवाई के रणनीति बना रहे हैं। दरअसल 7 नवंबर 2021 को सुभाष नगर में पिता-पुत्र की कुछ लोगों ने हत्या की थी। जिसमें दिलावर भी आरोपी था। दिलावर जमानत पर बाहर था। मर्डर वाले दिन आरोपियों का पिस्टल लहराते हुए का एक वीडियो भी सामने आया था। 6 नवंबर को थप्पड़ मारने को लेकर मृतक सुरेंद्र का पड़ौसी लाखन से विवाद हुआ था। 7 नवंबर को लाखन और सुरेंद्र के बीच राजीनामे की बात चल रही थी। इस दौरान लाखन और दिलावर ने सुरेंद्र और सचिन को गोली मार दी।