जोधपुर। केंद्र सरकार की ओर से घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपए की बढ़ोतरी के विरोध में आज जोधपुर में महिला कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक व शहर जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष मनीषा पंवार और देहात जिला कमेटी की अध्यक्ष विजयलक्ष्मी पटेल की संयुक्त अगुवाई में महिलाओं ने सड़क पर बैठ सिलेंडर पर माला चढ़ाई। सिगड़ी व देसी चूल्हे पर रोटियां सेंककर केंद्र सरकार के निर्णय पर विरोध जताया।
इस दौरान पूर्व विधायक पंवार ने कहा- महिलाओं की बात करने वाली केंद्र सरकार अब गरीब परिवार पर आर्थिक बोझ डालने से भी गुरेज नहीं कर रही है। लगातार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी हो रही है। यही भाजपा पहले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में मामूली बढ़ोतरी पर भी बड़े आंदोलन कर तत्कालीन कांग्रेस सरकार को कोसती रहती थी। देहात जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पटेल ने कहा- आज की केंद्र सरकार को महिलाओं की कितनी परवाह है, उसका उदाहरण हाल ही में बढ़ाई गई घरेलू गैस की कीमत से दिखाई दे रहा है। निम्न आय वर्ग के परिवारों पर तो ये सरकार लगातार महंगाई का बोझ बढ़ाते जा रही है। समय रहते केंद्र सरकार ने अपने इस निर्णय को वापस नहीं लिया, तो महिलाएं सड़क पर उतरने को मजबूर होंगी।