अलवर। दुकान के बाहर खड़े व्यापारी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही व्यापारी 3 फीट उछलकर दूर जाकर गिरा। आस-पास मौजूद लोगों ने कार ड्राइवर पकड़कर जमकर पीटा। इस बीच वह खुद को छुड़ाकर भाग गया। कार में 3 लोग सवार थे और नशे में थे। टक्कर मारने की इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। घटना अलवर के राजगढ़ कस्बे के गणेश पोल पर रविवार रात करीब पौने 10 बजे की है। कस्बे के लोगों ने बताया- लोग रात को सड़क पर पैदल ही घूम रहे थे। अचानक तेज रफ्तार बोलेरो आई और किनारे पर खड़े युवक को टक्कर मार दी।
राजगढ़ कस्बे के रहने वाले मोनू अग्रवाल ने बताया- उनका भाई घर के बाहर स्कूटी पर बैठा था। तब ही तेज स्पीड में एक बोलेरो चालक आया। बोलेरो ने बाइक को टक्कर मारी। भाई उछलकर दूर जाकर गिरा। बोलेरो का एक पहिया बाइक के ऊपर चढ़ गया था, जिससे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर मारने के बाद बोलेरो में सवार तीन लोग उतरे, जिसमें से एक को पकड़ा। कुछ ही सेकंड में वह भागने में कामयाब हो गया। बाकी लोग भी बोलेरो छोड़कर भाग गए। पुलिस ने आकर बोलेरो को जब्त किया। अब बोलेरो के मालिक के आधार पर पुलिस जांच करने में लगी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।