Explore

Search

March 11, 2026 11:04 pm


आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते तीन गिरफ्तार, 49500 रुपए जब्त, 21 लाख से ज्यादा का हिसाब मिला

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

चित्तौड़गढ़। शहर में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आईपीएल टी20 क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह सट्टा शहर के देहली गेट स्थित एक मकान में चल रहा था। पुलिस ने मौके से सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट और 49,500 रुपए नकद जब्त किए हैं। साथ ही करीब 21 लाख 50 हजार रुपए का सट्टे से जुड़ा हिसाब भी बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि कोतवाली पुलिस और पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय की टीम को सूचना मिली थी कि देहली गेट क्षेत्र के छिपा मोहल्ला स्थित एक मकान में आईपीएल मैच पर सट्टा लगाया जा रहा है। यह मकान इमरान काजी पुत्र मोहम्मद सलीम का बताया गया है। सूचना पर एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी विनय चौधरी के निर्देशन में और कोतवाली थानाधिकारी भवानी सिंह के सुपरविजन में एएसआई प्रवीण सिंह, देवीलाल सेन, कांस्टेबल राजमल और मनोहर सिंह की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम जब इमरान काजी के मकान की पहली मंजिल पर पहुंची तो वहां तीन लोग आईपीएल टी20 क्रिकेट मैच के दौरान सट्टा लगाते मिले। उस दौरान राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच चल रहा था।

आरोपियों के पास लैपटॉप और मोबाइल फोन चालू हालत में मिले, जिनमें क्रिकेट एक्सचेंज नामक ऐप के माध्यम से सट्टा लगाते हुए दिखे। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों देहली गेट निवासी इमरान काजी, मंदसौर, एमपी निवासी विपिन जैन, उदयपुर निवासी दीपेश कोठारी को गिरफ्तार किया। तीनों मिलकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा खिला रहे थे। मोबाइल पर आने वाली कॉल और ऐप पर दिख रहे स्कोर के अनुसार ये सट्टे की राशि को कागज पर लिखते और हिसाब रखते थे। मौके से दो आई फोन सहित कुल 7 मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, एयरटेल वाईफाई डिवाइस और 49500 रुपए नकद जब्त किए। साथ ही, सट्टे से जुड़ा करीब 21 लाख 50 हजार रुपए का हिसाब भी मिला। कोतवाली थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सट्टा नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और सट्टे की रकम किन खातों में जा रही थी।

Author: JITESH PRAJAPAT

Leave a Comment

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर