जैसलमेर। पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए लोग उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं। भारत-पाक सीमा पर बसे जैसलमेर जिले में गुरुवार को लोगों ने भारतीय सेना की विजय को लेकर यज्ञ का आयोजन किया। श्री कृष्ण जन्म भूमि निर्माण न्यास के राष्ट्रीय सचिव एवं श्री दाता सेवा संस्थान के अध्यक्ष संत श्री दाता उम्मेद गिरी के द्वारा अपने शिष्यों के साथ रेवंत सिंह की ढाणी में यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ के दौरान लोगों ने आतंकवादियों के समूल नष्ट के लिए भी प्रार्थना की। इस दौरान लोगों का कहना है कि हम भारतीय सेना की विजय कामना के लिए यज्ञ कर रहे हैं, हमारी प्रार्थना है कि भारतीय सेना अपने हर मिशन में सफल हो।
गौरतलब है कि भारत-पाक में तनाव के बीच जैसलमेर की रेवंत सिंह की ढाणी में बने संत लखनगिरी व संत तुंगगिरी महाराज की समाधि स्थान पर साधु संतों ने अपने शिष्यों के साथ यज्ञ हवन का आयोजन करवाया। यज्ञ में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। यज्ञ में भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर में विजय की कामना की गई। यज्ञ में शामिल हुए विजय व्यास ने बताया कि यज्ञ करने से शक्ति मिलती है। हम सब पहलगाम हमले से व्यथित है और हम चाहते हैं कि आतंकवाद का खात्मा हो। साथ ही सेना को शक्ति प्रदान करने और उनकी कामयाबी के लिए भी यज्ञ का आयोजन किया गया है। यज्ञ में श्री कृष्ण जन्म भूमि निर्माण न्यास के राष्ट्रीय सचिव एवं अध्यक्ष श्री दाता सेवा संस्थान के संत श्री दाता उम्मेद गिरी व उनके शिष्य शामिल हुए। पंडित मरतांड ने यज्ञ के दौरान बताया कि हमने सामूहिक यज्ञ करके भारतीय सेना की शक्ति को बढ़ाने के लिए आहुतियां दी। हम चाहते हैं कि भारत की सेना अपने हर अभियान में ऑपरेशन में सफल हो। हम सब भारती सेना की विजय की कामना को लेकर यज्ञ कर रहे हैं।