जोधपुर। पुलिस ने बाईजी का तालाब इलाके में 7 अक्टूबर 2023 को हुए ज्वैलर्स पर जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी महेन्द्र सिंह राठौड़ उर्फ गिडा को गिरफ्तार कर लिया है। सीआरपीसी की धारा 299 के तहत वांछित घोषित आरोपी की पुलिस डेढ़ वर्ष से तलाश कर रही थी। मामले में मुख्य आरोपी नरेन्द्र सोनी ने अपने साले अरविन्द सोनी से लेन-देन और सोने के आभूषणों के विवाद में उस पर हमला करवाने की सुपारी दी थी। नरेन्द्र ने महेन्द्र सिंह उर्फ मनोहर को अरविन्द के पैर तोड़ने का ठेका दिया, जिसने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया।
घटना 7 अक्टूबर 2023 की रात करीब 10:15 बजे की है, जब ओम ज्वैलर्स के मालिक प्रवीण सोनी और उनके बड़े भाई अरविन्द सोनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। बाईजी का तालाब के मेन गेट पर 5-6 लोगों ने लाठियों से हमला कर दिया, जिसमें प्रवीण को चोटें आईं और अरविन्द का पैर टूट गया। पुलिस अब तक मुख्य आरोपी नरेन्द्र सोनी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और एक बाल अपचारी को निरुद्ध कर चुकी है। गिडा को गोपनीय सूचना के आधार पर पकड़ा गया है और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर केंद्रीय कारागृह जोधपुर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी माणकराम विश्नोई के साथ एएसआई कालू सिंह व नेमीचंद, कांस्टेबल पुखराज, महेश कुमार, अकरम खां, विकास कुमार, धन्नाराम व सुनिल शामिल रहे।