Explore

Search

July 31, 2025 1:16 pm


बिसाऊ में रोडवेज बस – ट्रॉले की भिड़ंत, हादसे में 10 से ज्यादा लोग घायल; एंबुलेंस एक घंटे देरी से पहुंची

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

झुंझुनूं। जिले के बिसाऊ कस्बे में स्थित सिंघानिया स्कूल के पास शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरियाणा रोडवेज बस एक खड़े ट्रोले से पीछे से टकरा गई, जिससे बस का परिचालक (कंडक्टर) बुरी तरह से बस में फंस गया और 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने निजी वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एम्बुलेंस हादसे के डेढ़ घंटे बाद सुबह 7.30 बजे मौके पर पहुंची।

बिसाऊ थानाधिकारी रामपाल मीणा- ट्रॉला सड़क किनारे खड़ा था और उस पर कोई चेतावनी बोर्ड या संकेतक नहीं लगाया गया था। तेज गति से आ रही रोडवेज बस ड्राइवर को ट्रॉला समय रहते नजर नहीं आया और बस पीछे से सीधे उसमें जा घुसी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रॉले चालक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार- ट्रॉले में गड़बड़ी हुई तो ड्राइवर ने उसे सड़क के किनारे खड़ा कर दिया था। शनिवार सुबह तेज गति से आ रही हरियाणा रोडवेज की एक बस ने ट्रॉले के पीछे से टक्कर मार दी।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कंडक्टर साइड पूरी तरह पिचक गई। कंडक्टर बस के अंदर ही फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों को बस का एक हिस्सा काटना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद परिचालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बस के ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद चूरू जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

हादसे में तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें चूरू भेजा गया है। जबकि बाकी घायलों का इलाज बिसाऊ के सरकारी जटिया अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया- बिसाऊ में 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है। हादसे के तुरंत बाद 108 को कॉल किया, लेकिन एंबुलेंस करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची। इस दौरान कई घायलों को स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से निजी वाहनों के जरिए अस्पताल भेजा गया। इस देरी से घायलों के इलाज में समय नष्ट हुआ, जिससे कई घायलों की हालत बिगड़ गई।

Author: JITESH PRAJAPAT

Leave a Comment

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर