धौलपुर। पुलिस ने सरमथुरा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पहले मामले में वन विभाग के कर्मचारी से मारपीट और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में छोटू मीना (19) को गिरफ्तार किया गया। यह घटना 30 मार्च 2025 को बरौली गांव के पास हुई थी। वन कर्मचारी की शिकायत पर मुकदमा नंबर 80/2025 दर्ज किया गया था। आरोपी को धौलपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया।
दूसरे मामले में अवैध शराब परिवहन के आरोपी रामनिवास को पकड़ा गया। यह मामला 16 जुलाई 2024 का है, जब सरमथुरा में बकरी पालन संवर्धन केंद्र के पास से अवैध देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। आरोपी एक साल से फरार चल रहा था। थानाधिकारी कृपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान जारी रहेगा।