गंगधार (बलवंत जैन)। आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को गंगधार उपखंड अधिकारी ओम प्रकाश चंदेलिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भामाशाह, सरकारी एवं निजी विद्यालयों के शिक्षक तथा वरिष्ठ विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
बैठक में समारोह को गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपखंड अधिकारी ने समारोह के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुबह 8:15 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
उपखंड स्तरीय मुख्य समारोह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगधार के प्रांगण में आयोजित होगा। यहां सुबह 9:30 बजे उपखंड अधिकारी ओम प्रकाश चंदेलिया ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक व्यायाम, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा स्काउट-गाइड द्वारा पिरामिड प्रदर्शन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चौमहला के प्रधानाचार्य कालूराम शर्मा को सौंपी गई है, जबकि परेड एवं व्यायाम प्रदर्शन की तैयारियां शारीरिक शिक्षक करवाएंगे। संपूर्ण कार्यक्रम का संयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगधार द्वारा किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार गणेश खंगार, प्रधानाचार्य कालूराम शर्मा, मनोहर दास बैरागी, नीलमणि शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक गायरी, प्रशासक प्रतिनिधि अशोक भंडारी, दिलीप जैन, पवन पिछोलिया, सुनील जैन, विष्णु पोरवाल, पंकज नवलखा, धर्मेंद्र जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan


