बिजौलिया, बलवंत जैन। कस्बे के तेजाजी चौक पर नगर पालिका द्वारा बीच सड़क में स्थापित किए जा रहे विद्युत पोल के कारण आमजन की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर फैले मलबे और बीच मार्ग में खड़े किए जा रहे पोल से आए दिन दुर्घटनाएं होने लगी हैं।
शनिवार को स्कूल से स्कूटी पर घर लौट रही दो स्कूली छात्राएं निर्माण सामग्री के मलबे पर असंतुलित होकर फिसल गईं। हादसे में दोनों छात्राओं के घुटनों पर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल छात्राओं की मदद कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
तेजाजी चौक के व्यापारी राजू खटीक ने बताया कि विद्युत पोल बीच सड़क में लगाए जाने के बाद से प्रतिदिन दो से तीन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। चौक पर दिनभर भारी वाहनों और आमजन की आवाजाही रहती है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने विद्युत पोल को शीघ्र किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इस समस्या को लेकर शुक्रवार को एडवोकेट सुनील जोशी के नेतृत्व में विधायक गोपाल खंडेलवाल ने मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर जनहित में विद्युत पोल को शीघ्र अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कराने का आश्वासन दिया था।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan


