दौसा। अमेरिका से जबरन डिपोर्ट किए गए भारतीयों के मुद्दे पर मंगलवार को दौसा में कांग्रेस के अग्रिम छात्र संगठन एनएसयूआई ने कलक्ट्रेट के सामने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ व जिला संगठन प्रभारी अजय मीणा के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। साथ की केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
एनएसयूआई के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अशोक मीणा ने बताया- अमेरिका से भारतीय नागरिकों को जिस अमानवीय तरीके से भारत भेजा गया है। उनके हाथों में हथकड़ी और पैरों में जंजीर थी। ये बेहद ही शर्मनाक है। ये विश्व पटल पर भारत और भारतीयों का अपमान है। एनएसयूआई इसका विरोध करती है।
प्रदर्शन में महासचिव तलब खान, मंजीत गुर्जर, रिंकू, अखिलेश, अजय, विजेंद्र, गिरिश, महेंद्र, अभिषेक, सियाराम, मयंक, भानू, आलोक समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए। इससे पहले अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों के मुद्दे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विरोध जताते हुए केंद्र सरकार की चुप्पी को शर्मनाक बताया था।