जोधपुर। शारदीय नवरात्रा के उपलक्ष में नगर निगम दक्षिण की ओर से पहली बार गांधी मैदान में गरबा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। यह महोत्सव दो दिन तक चलेगा, जिसमें शहरवासी जमकर गरबा खेलेंगे। गांधी मैदान में आत इस महोत्सव की शुरुआत होगी। 1000 से ज्यादा प्रतिभागियों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने बताया- नवरात्र के अवसर पर गांधी मैदान में आज से गरबा महोत्सव शुरू होने जा रहा है। इसके लिए दो दिन तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया हुई। महज दो दिनों में 1000 से ज्यादा प्रतिभागियों ने गरबा महोत्सव के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है।
नगर निगम दक्षिण मेला कमेटी अध्यक्ष मीनाक्षी कोठारी ने बताया- मंगलवार और बुधवार को गांधी मैदान में शाम 7:00 बजे से 10:00 बजे तक गरबा महोत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम को लेकर गांधी मैदान में आकर्षक सजावट की गई है और रंग बिरंगी लाइटों से पूरे मैदान को सजाया गया है। मेला समिति सदस्य पूजा राठी ने बताया कि गरबा महोत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए विभिन्न पुरस्कार भी रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि इस गरबा महोत्सव में केवल उन्हीं प्रतिभागियों को प्रवेश किया जाएगा, जिन्होंने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है।