डूंगरपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों नेशनल अवॉर्ड पाकर डूंगरपुर लौटे कलेक्टर अंकित कुमार सिंह का अभिनंदन किया गया। अधिकारियों से लेकर लोगों ने उनका स्वागत किया और बधाई दी। कलेक्टर ने अवॉर्ड के लिए डूंगरपुर के लोगों को बधाई दी। डूंगरपुर कलेक्टर अंकित कुमार सिंह को दिव्यागजनों के लिए बेहतरीन कार्यों और मनरेगा योजना में उपलब्धि के लिए नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान लेकर कलेक्टर अंकित कुमार सिंह बुधवार सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्टर का पोर्च में आते ही फूलों से स्वागत किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर दिनेश धाकड़, समाज कल्याण के उप निदेशक अशोक शर्मा, निजी सहायक देवचंद यादव सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही संगठनों के पदाधिकारियों ने उनका फूल माला से स्वागत किया। इसके बाद दिनभर कई विभागीय अधिकारियों ने भी उनका अभिनंदन करते हुए बधाई दी। कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही राष्ट्रपति के हाथों मिले अभिनंदन पत्र और सम्मान पत्र का फोटो लिया।
कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों मिला नेशनल अवॉर्ड डूंगरपुर के लिए गर्व की बात है। इसके लिए डूंगरपुर के लोगों को बहुत-बहुत बधाई। कलेक्टर ने कहा कि हमने 2 से 3 नवाचार किए। दिव्यागजनों का सर्वे करवाया गया। उनके दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाकर सरकार की योजनाओं से जोड़ा। वहीं मनरेगा योजना के तहत अधिक लेबर लगाने की बात हो या दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध करवाने में हमने अच्छा काम किया। जिस वजह से डूंगरपुर को राष्ट्रीय अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।