जोधपुर। अडाणी ग्रुप के चेरयमैन गौतम अडाणी आज जोधपुर पहुंचे। वे एयरपोर्ट से सीधे उम्मेद भवन पैलेस पहुंचे। अडाणी अपने भाई राजेश के जन्मदिन के आयोजन में शरीक होने जोधपुर आए हैं। बता दें कि राजेश अडाणी अपना जन्मदिन उम्मेद भवन पैलेस में मना रहे हैं। अडाणी का पूरा परिवार जोधपुर पहुंचा है। आज वेलकम डिनर के साथ आयोजन होगा। कल शनिवार को जन्मदिन का मुख्य आयोजन होगा। इसमें गायक शंकर महादेवन प्रस्तुति देंगे। आयोजन में शरीक होने म्यूजिशियन व सिंगर शंकर महादेवन कल जोधपुर पहुंचेंगे। राजेश अडाणी बिजनेसमैन गौतम अडाणी के बड़े भाई हैं। राजेश अडाणी शनिवार को 60वां जन्मदिन उम्मेद भवन पैलेस में मनाएंगे। आयोजन में अडाणी परिवार सहित कई गेस्ट शरीक होंगे। जन्मदिन के उपलक्ष में आयोजित यह पार्टी दो दिन चलेगी। शुक्रवार को सिर्फ परिवार वालों के लिए वेलकम डिनर व गेट-टुगैदर रखा गया है। आयोजन को लेकर सिक्योरिटी संभाल रहे मानवेंद्र भटनागर ने बताया- आज फैमिली कार्निवल में परिवार के लोग शामिल होंगे। कल मुख्य गेस्ट हिस्सा लेंगे।
6 दिन पहले जयपुर में IGJA में लिया था हिस्सा
बता दें कि शनिवार 30 नवंबर को गौतम अडाणी ने जयपुर में 51वें इंडिया जेम्स एंड ज्वेलरी अवॉर्ड (IGJA) समारोह में हिस्सा लिया था। इस मौके पर उन्होंने हिंडनबर्ग विवाद और अमेरिका में लगे रिश्वत देने के आरोपों पर पहली बार सार्वजनिक बयान दिया था। उन्होंने कहा था, ‘अडाणी ग्रुप के रास्ते में आई हर बाधा उसकी सफलता की सीढ़ी बनी है। आपके सपने जितने बड़े होंगे, दुनिया उतनी ज्यादा आपकी परीक्षा लेती है।’