कोटा। दिल्ली में किसानों का आंदोलन अधिकार बहाल करने, गिरफ्तार किसानों को रिहा करने सहित अन्य मांगों को लेकर कोटा में किसान संगठन ने धरना दिया। अखिल भारतीय किसान सभा, भारतीय किसान यूनियन, संयुक्त किसान संघर्ष समिति, संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। किसान नेताओं का कहना था कि केंद्र सरकार 3 साल पहले किसानों से किए वादों को पूरा करें। नहीं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष दुलीचन्द बोरदा ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ वादा खिलाफी कर रही है सरकार ने 3 साल पहले किसानों से समर्थन मूल्य का कानून, बिजली बिल निजीकरण,कर्जा माफी का वादा किया था। 3 साल होने के बाद भी सरकार ने किसानों से किए वादों को नहीं निभाया। इसलिए किसान आंदोलन कर रहे है। उन्हें दिल्ली में नहीं घुसने दिया जा रहा। सेकेंडों किसानों को गिरफ्तार कर लिया। आज देश में किसान विरोधी सरकार के खिलाफ फिर से किसान एकजुट होने लगे है। सरकार को किए गए वादों को याद दिला रहे है। पहले से भी बड़े आंदोलन की तैयारी की जा रही है। आज राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को 9 सूत्रीय ज्ञापन दिया है।