भरतपुर। डीग जिले जनूथर थाना इलाके के मोरोली गांव में रविवार को शहीद हवलदार हरवीर सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम, भरतपुर सांसद संजना जाटव मौजूद रहीं। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने गृह राज्य मंत्री और सांसद संजना जाटव से कहा की आप पहलौन हो। हमेशा गरीब की आह को सुनना, क्योंकि गरीब की हाय अगर लग गई तो, भगवान के श्राप से बड़ी होती है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने मंच से भाषण देते हुए कहा- गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम और सांसद संजना जाटव जी बुरा मत मानना, सुन लेना। आप हो पहलौन, मेरी मजाक की आदत है। कुछ करना या मत करना, लेकिन एक काम जरूर करना कि गरीब की आह को सुन लो। मैंने एक ही काम किया जिंदगी में, मैंने कभी न कोई जाति देखी, न धर्म देखा। भरतपुर के किसी राजा ने न कभी कोई जाति देखी और न कोई धर्म देखा। गरीब को देखा और गरीब की हाय जो है। वो अगर लग गई तो भगवान के श्राप से भी बड़ी होती है। यह कोई राजनैतिक मंच नहीं है।
पहलौन मतलब पहली बार
भरतपुर वासियों में पहलौत शब्द प्रचलित है। इसके तहत भरतपुर और आसपास के इलाके में जब कोई व्यक्ति पहली बार काम करता है या फिर उसे कोई पहली बार पद मिलता है तो उसे पहलौन कहा जाता है। इसलिए पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम और भरतपुर सांसद संजना जाटव को पहलौन कहकर संबोधित किया। उनके अनुसार गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम पहली बार विधायक बने और पहली बार में मंत्री बने। इसी तरह संजना जाटव भी पहली बार सांसद बनीं।
शहीद हरवीर सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण
डीग जिले के मोरोली गांव में रविवार को शहीद हवलदार हरवीर सिंह की प्रतिमा की अनावरण का कार्यक्रम था। वहां पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम और सांसद संजना जाटव पहुंची थी। तीनों ने सामूहिक रूप से शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया। हवलदार हरवीर सिंह 20 दिसंबर 2023 को माछिल सेक्टर में पोस्ट ड्यूटी पर पोस्ट-टू-पोस्ट पेट्रोलिंग के दौरान शहीद हुए थे। हरवीर सिंह 15-जाट रेजिमेंट में तैनात थे।