अलवर। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि इंडी गठबंधन पूरी तरह बिखर गया है। ये गठबंधन की निराशा है कि राहुल गांधी विदेश में जाकर कह रहे हैं कि हम इंडियन स्टेट से लड़ रहे हैं। कोई भी देश भक्त इस बात को स्वीकार नहीं करेगा कि विदेश जाकर भारत के लोकतंत्र पर सवाल किया जाए। यह इसलिए है कि अब कांग्रेस को आम आदमी पार्टी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी ने रिजेक्ट कर दिया और शिव सेना भी इनकाे आंखें दिखाने में लगी है। केंद्रीय मंत्री यादव शनिवार को सरकार की स्वामित्व योजना व स्टार्टअप योजना पर जानकारी देने के लिए बीजेपी कार्यालय में मीडियाकर्मियों को संबोधित कर रहे थे।
बोले- केजरीवाल की माया वहीं जानते हैं
इस दौरान यादव ने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को लेकर कहा कि केजरीवाल की माया केजरीवाल जानते हैं। लेकिन दिल्ली वाले उनको दिल्ली के मायाजाल से मुक्त करना चाहते हैं। इसके बाद इंडी गठबंधन को लेकर कहा ये सब लोकसभा में इक्टठे आए थे। अब सब बिखर गए। जब साथ आकर बीजेपी के खिलाफ सफल नहीं हो सके तो अकेले क्या कर सकेंगे। यह कांग्रेस की खोखली मानसिकता का परिचय है कि राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत के लोकतंत्र पर सवाल करते हैं। यह बात कहते हैं कि वे इंडियन स्टेट से लड़ रहे हैं।
आप-कांग्रेस एक दूसरे पर सवाल कर रहे
कांग्रेस तो आम आदमी पार्टी की विश्वसनीयता पर सवाल करती है। वहीं आम आदमी पार्टी वाले कांग्रेस की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हैं। ये मिलकर बीजेपी के खिलाफ सफल नहीं हो सके तो अकेले कैसे संभव है। दिल्ली में बीजेपी सरकार बनाएगी। यादव ने कहा कि दिल्ली चुनाव में फ्री की योजना को लेकर कहा कि सब जानते हैं कि चांद सितारे तोड़ना किसी के बस की बात नहीं है। यह सब बीजेपी ही कर सकती है। हकीकत पूरी तरह अलग है।
रोजगार के अवसर बढ़ाने में लगे
एसआई भर्ती पेपर रद्द करने के मामले में कहा कि सरकार उचित कार्यवाही करेगी। स्थानीय को लोकल फैक्ट्रियों में रोजगार अवसर बढ़ाने और उद्यमिता बढ़ाने पर हम लगे हुए हैं। मैं अलवर के लिए पूरी तरह से प्रत्यनरत हूं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्वामित्व योजना, स्टार्टअप योजना सहित केंद्र व राज्य की बीजेपी सरकार के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर बीजेपी के जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना, पूर्व जिलाध्यक्ष पं धर्मवीर शर्मा, विधायक सुखवंत सिंह, पूर्व विधायक जयराम जाटव व बनवारी लाल सिंघल सहित पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे।