डूंगरपुर। जिले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के एससी विभाग ने संविधान रक्षक अभियान के तहत शुक्रवार को पदयात्रा का आयोजन किया। पदयात्रा गेपसागर की पाल से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वागड़ के गांधी भोगीलाल पंड्या की समाधि पर जाकर समाप्त हुई।
कांग्रेस एससी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक और पीसीसी प्रवक्ता डॉ. शंकर यादव के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। यह अभियान 26 नवंबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से शुरू हुआ था। डूंगरपुर में पदयात्रा गेपसागर की पाल से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वागड़ के गांधी भोगीलाल पंड्या की समाधि पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान डूंगरपुर के विधायक गणेश घोगरा, पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की विधि कोऑर्डिनेटर निमिषा भगोरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डॉ. यादव ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में देश का संविधान खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों के नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अभियान के माध्यम से न केवल संविधान की रक्षा के लिए, बल्कि देश में सांप्रदायिक सद्भाव, एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए भी प्रयासरत है।