जैसलमेर। जिले में मंगलवार को बीजेपी जिलाध्यक्ष की घोषणा हुई। इस बार पर्ची से नहीं, बल्कि मोबाइल से दलपत हींगड़ा का नाम बताकर घोषणा की गई। जैसलमेर के बीजेपी कार्यालय में विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने निर्वाचन अधिकारी बिहारीलाल विश्नोई को मोबाइल दिखाकर नाम बताया और विश्नोई ने सबके सामने दलपत हींगड़ा को निर्विरोध जिलाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की।
दलपत हींगड़ा के जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद सभी ने उनको माला पहनकर और मुंह मीठा करवाकर बधाई दी। गौरतलब है कि जिले में जिलाध्यक्ष के लिए 11 लोगों ने आवेदन किए थे। मंगलवार को निर्विरोध जिलाध्यक्ष की घोषणा की गई। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जिले में पहला दलित जिलाध्यक्ष बनाया गया।
‘पार्टी के मूल्यों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश‘
जिलाध्यक्ष की घोषणा के बाद दलपत हींगड़ा ने बताया कि ये बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है और वो पार्टी के छोटे से कार्यकर्ता से जिलाध्यक्ष बने हैं इसलिए ज़िम्मेदारी और भी ज्यादा बढ़ जाती है। वे अपनी ज़िम्मेदारी को पूरी मेहनत के साथ निभाएंगे और पार्टी के मूल्यों पर खरा उतरना का पूरा प्रयास करेंगे।
विधायक महंत प्रतापपुरी की पसंद है दलपत हींगड़ा
दरअसल, दलपत हींगड़ा पोकरण के राजमथाई के रहने वाले हैं। वे SC वोट बैंक से आते है। पोकरण विधानसभा के है। बताया जा रहा है कि वे पोकरण विधायक महन्त प्रतापपुरी की पसंद है। पोकरण विधायक भी यही चाहते हैं कि इस बार जिलाध्यक्ष पोकरण से बने। भाजपा में हिंगड़ा को जिलाध्यक्ष बनाने के पीछे भाजपा द्वारा कांग्रेस के एससी-एसटी व मुस्लिम गठबंधन में सेंधमारी की संभावना जताई जा सकती है।