उदयपुर। जिले के पहाड़ा थाना क्षेत्र के घाटी गांव में दो दिन पहले दो गुटों में हुए विवाद में एक युवक की हत्या के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। गांव में पहाड़ा थाना पुलिस के अलावा खेरवाड़ा और पाटिया थाना पुलिस का भी जाब्ता लगाया गया। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन पुलिस आश्वासन के बाद गुरुवार को शव उठाने पर राजी हुए।
थानाधिकारी उम्मेदीलाल ने बताया कि एक दिन पहले इलाज के दौरान युवक की डूंगरपुर हॉस्पिटल में मौत हो गई थी। परिजनों से समझाइश के बाद मृतक युवक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं, एहतियात के तौर पर गांव में जाब्ता भी तैनात है। आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
युवक को चाकू मारकर किया था घायल
जानकारी के अनुसार मंगलवार को घाटी गांव में दो गुटों में आपसी रंजिश के चलते विवाद हो गया था। जिसमें एक गुट ने दूसरे गुट के एक युवक दिलखुश पिता ईश्वरलाल डामोर(20) को पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया था। जिसके बाद परिजन उसे तुरंत डूंगरपुर हॉस्पिटल लेकर गए। जहां एक दिन पहले शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसके बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। गांव में तीन थानों का जाब्ता तैनात किया गया। वहीं, परिजनों ने भी आरोपियों की गिरफ्तार तक शव उठाने से मना कर दिया। ऐसे में पुलिस ने समझाइश की। हत्या का मामला दर्ज करते हुए पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।