Explore

Search

February 24, 2025 2:02 am


लेटेस्ट न्यूज़

वृद्धा से लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, ज्वैलरी भी बरामद : गिरोह ने एक अन्य वृद्ध पर भी चाकू से हमला कर की थी चोरी की वारदात

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

जोधपुर। शहर के निकटवर्ती विनायकपुरा गांव के एक घर में अकेली वृद्धा पर हमला कर सोने की कंठी सहित अन्य स्वर्णाभूषण लूटने की वारदात का खुलासा करते हुए करवड़ थाना पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के सरगना विनायकपुरा निवासी अशोक विश्नोई और उसके साथी अणवाणा निवासी सुनील विश्नोई से प्रारंभिक पूछताछ में एक अन्य वृद्ध पर चाकू से हमला कर चोरी की घटना भी उजागर हुई है।

करवड़ थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि 9 फरवरी को करवड़ थाने में लूट का मामला दर्ज किया गया था। इसमें विनायकपुरा निवासी बुजुर्ग गवरी देवी विश्नोई (76) पत्नी स्व. केवलराम खिलेरी ने बताया कि 8 फरवरी की शाम करीब 6-7 बजे के आसपास अपने ट्यूबवेल पर बने घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही अशोक विश्नोई पुत्र स्व. भागीरथराम बोला ने वृद्धा पर हमला कर दिया। बदमाश ने वृद्धा के साथ मारपीट कर पहने हुए आभूषण में सोने की कंठी, कानों की टोटिया, कान में पहना सोने का ही भंवरिया लूट लिया। बुजुर्ग महिला के साथ हुई लूट की इस वारदात का खुलासा करने के लिए एएसआई केवलराम के साथ कांस्टेबल भैराराम, ओमप्रकाश, सिमरथाराम की टीम गठित की गई।

आरोपी अशोक विश्नोई की तलाश में जुटी पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, तो उसके सालासर, खाटू श्यामजी क्षेत्र में छुपे होने की जानकारी सामने आई। इस पर 10 फरवरी को सीकर पुलिस की मदद लेकर वहां के सदर थाना क्षेत्र नाकाबंदी कराई और वारदात के मुख्य आरोपी अशोक विश्नोई पुत्र भागीरथराम और उसके सहयोगी मूलतया खेड़ापा के अणवाणा हाल मंडोर पहाड़गंज द्वितीय निवासी सुनील विश्नोई पुत्र केवलराम को पकड़ा। वहां इनकी तलाशी में पुलिस को अफीम मिली। साथ ही अशोक विश्नोई और सुनील के कब्जे से वृद्धा से लूटे गए स्वर्णाभूषण बरामद हुए। इस पर सीकर की सदर पुलिस ने आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के केस में गिरफ्तार किया था।

सीकर पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को जेल भेजे जाने के बाद करवड़ पुलिस ने दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। तत्पश्चात इन्हें कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाशों के खिलाफ पूर्व में भी कोटा के रानपुर, जोधपुर व सीकर के सदर थाने में मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हो रखे हैं। अशोक विश्नोई रानपुर थाने के मामले में फरार है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि बदमाश अशोक विश्नोई ने विनायकपुरा में रहने वाले भीयाराम विश्नोई पुत्र बरिंगाराम के घर भी 24 जनवरी को हमला किया था। बदमाश भीयाराम के घर चोरी करने के इरादे से घुसा और बुजुर्ग ने उसे देख लिया, तो बदमाश ने उन पर चाकू से हमला कर दिया था। उस घटना के संबंध में भी अलग से प्रकरण दर्ज किया गया था।

Author: JITESH PRAJAPAT

Leave a Comment

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर