टोंक। लांबाहरिसिंह नगरपालिका के गुलगांव रोड नाड़ी के पास खेत में स्थित करीब पचास फ़ीट गहरे कुएं में बुधवार को नील गाय का बछड़ा गिर गया। इसकी जान बचाने के लिए लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कॉल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया। बाद में गांव के ही युवकों ने कुएं में छलांग लगा दी और रस्सी के सहारे बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि आज सुबह करीब दस बजे गांव से बाहर पप्पू माली के खेत में स्थित कुएं में नीलगाय का बछड़ा अचानक गिर गया। पड़ोसी किसान कुएं पर पानी भरने गया तो बछड़े का पता चला। उसने इसकी सूचना समाजसेवी मोनू गौतम को दी। इसे निकालने के लिए मोनू गौतम ने वन विभाग के अधिकारियों को कई बार फोन किया, लेकिन कर्मचारियों ने फोन अटैंड नहीं किया।
वहां मौजूद लोगों ने गांव के युवाओं को बुलाया गया, युवक मौके पर पहुंचे कुएं में छलांग लगाकर बछड़े को रस्सी के सहारे करीब एक घंटे बाद बाहर निकाला गया, उसके बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। कुएं में करीब तीस फ़ीट पानी भरा हुआ है। रेस्क्यू के दौरान मोनू गौतम आशीष सोनी, भरत प्रजापत, रामेश्वर माली, धन्ना अकोदिया, पप्पू लाल माली, प्रदीप वर्मा, मोहित शर्मा ,बंटी साहू, अमर सोनी, नंदलाल प्रजापत, विष्णु वर्मा, जितेंद्र माली, अंशु साहू और आशुतोष वैष्णव सहित समस्त युवा टीम उपस्थित रही।