कोटा। शहर के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में डकनिया रोड पर काम करते समय एल मजदूर ऊंचाई से गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों से इलाज के लिए निजी अस्पताल है जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक मनोज (37) डीसीएम इलाके का रहने वाला था। बिल्डिंग में पेंटिंग का काम करता था। ठेकेदार का कहना है मनोज के मिर्गी का अटैक आया था इस कारण वह पहली मंजिल से नीचे गिर गया। जबकि परिजनों ने किसी भी प्रकार की बीमारी होने से इनकार किया है। घटना सुबह साढ़े 10 बजे के आसपास की है। जिस बिल्डिंग (गौरव टावर, बंसल क्लासेज) से मजदूर गिरा उस बिल्डिंग में पहले कोचिंग चलती थी। फ़िलहाल बिल्डिंग खाली बताई। बिल्डिंग में रिनोवेशन का काम चल रहा था।
ठेकेदार इमरान ने बताया कि मनोज आज पहली बार ही उसकी साइट पर काम पर आया है। इसे मिर्गी के दौरे आते थे। साइट पर उसने कपड़े ही चेंज किए थे,इतने में उसे मिर्गी का अटैक आ गया। वो करीब 10 फीट की ऊंचाई (पहली मंजिल) से उल्टा गिरता हुआ दिखा। मौके पर मौजूद अन्य लोग चिल्लाए। इतने में वो नीचे आ गिरा। घायल हालत में उसे निजी हॉस्पिटल लेकर आए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भांजी ज्योति वर्मा ने बताया कि मामा रोजाना पेंटिंग करने जाते थे। आज नई जगह पर गए थे। तीन से चार मंजिल ऊपर पेंटिंग कर रहे थे। सुबह 10 बजे करीब बिल्डिंग से नीचे गिर गए। हमें 12 बजे करीब सूचना मिली। तब तक वहां पर काम करने वाले और लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए थे। मामा को किसी भी प्रकार की कोई बीमारी नहीं थी।ना ही किसी बीमारी का इलाज चल रहा था। विज्ञान नगर थाना एएसआई राम सिंह ने बताया कि गौरव टावर में पेंटिंग का काम करते वक्त एक मजदूर नीचे गिर गया। जिसे वहां पर काम करने वाले लोग निजी अस्पताल लेकर गए थे। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसा कैसे हुआ, कितनी ऊंचाई से गिरा अभी इस बारे में पता नहीं लगा। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।