भरतपुर। जिले के रुदावल थाना इलाके में एक व्यक्ति का शव उसके खेत की कोठरी में लटका मिला। व्यक्ति घर से 26 फ़रवरी को बाइक लेकर निकला था। आज जब खेत पर मजदूर काम करने के लिए गए तो, उन्होंने खेत में बनी कोठरी को खोलकर देखा। जहां व्यक्ति का शव लटका हुआ था। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है की व्यक्ति की हत्या कर उसके शव को लटकाया गया है। मृतक व्यक्ति सत्यपाल सिंह (38) निवासी रुदावल के पिता मानसिंह ने बताया की, 26 फ़रवरी को सत्यपाल घर में किसी से बिना कुछ कहे बाइक लेकर निकला था। मानसिंह का परिवार जोतरोली गांव का रहने वाला है। हाल में वह रुदावल कस्बे में रहते हैं। जोतरोली गांव में मेला लगा हुआ है। इसलिए परिजनों को लगा की वह गांव में मेला देखने के लिए गया हुआ है। कल सत्यपाल को फोन किया तो, उसका फोन बंद मिला।
जिसके बाद उसे आसपास के इलाके में ढूंढा लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। जोतरोली गांव में मानसिंह के खेत हैं। आज मजदूर खेत पर काम करने के लिए गए। मजदूरों ने जब खेत में बनी कोठरी को खोला तो, उसमें मोटर खींचने की तिपाई से सत्यपाल का शव लटका हुआ था। जिसके बाद मजदूरों ने घटना की सूचना सत्यपाल के परिजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही सत्यपाल के पिता मानसिंह मौके पर पहुंचे। जिसके बाद मौके पर पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे रुदावल थाने ASI ने शव को नीचे उतरवाकर रूदावल अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। जहां मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके अलावा मौके पर FSL की टीम को बुलाकर मौके से जरुरी साक्ष्य जुटाए गए। सत्यपाल के परिजनों का आरोप है की उसके शव पर चोट के निशान थे। उसकी हत्या कर शव को कोठरी के अंदर लटकाया गया है। सत्यपाल के परिजनों की शिकायत के बाद ही शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया।