उदयपुर। जिले के अंबामाता थाना क्षेत्र में पंचवटी स्थित गुमानिया पुलिया के नीचे गंदगी के बीच एक नवजात का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। नवजात लड़का था, जिसका शव सफेद चादर में लिपटा हुआ था। उसके सिर और पेट पर खून के निशान थे। ऐसे में संभावना है कि नवजात को करीब 20 फीट ऊंची पुलिया से ही सीधे नीचे फेंका गया हो। आसपास लोगों ने जब नवजात के शव को देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी।
अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। घटना का पता लगने पर पुलिया पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इससे ट्रेफिक जाम हो गया। पुलिस ने भीड़ को हटाकर ट्रेफिक व्यवस्था बहाल कराई। वहीं, नवजात के शव को एमबी हॉस्पिटल मॉर्च्युरी में शिफ्ट कराया। जानकारी अनुसार नवजात को कोई रात के समय फेंककर गया है। उसे जिंदा या मृत फेंका गया। इस मामले की भी पुलिस जांच कर रही है। थानाधिकारी मुकेश सोनी ने बताया कि नवजात को पुलिया के नीचे कौन फेंककर गया है, इसका पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।