कोटा। कोटा-बारां फोरलेन नेशनल हाईवे 27 पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक रामस्वरूप गुर्जर (42) पलायथा गांव का रहने वाला था। जो अपने ससुराल से वापस गांव लौट रहा था। घर पहुंचने से आधा किमी पहले अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। गम्भीर घायल हालात में रामस्वरूप को इलाज के लिए कोटा लाया गया। निजी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दोस्त राम सिंह ने बताया कि रामस्वरूप अपनी पत्नी को ससुराल टाकरवाड़ा छोड़कर वापस लौट रहे थे। देर रात 8 बजे के आसपास कालीसिंध व पलायथा पुलिया पहुंचे। उसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा घर से आधा किमी पहले हुआ। पता लगने पर परिजन मौके पर गए। उसे इलाज के लिए अंता हॉस्पिटल ले गए। जहां से कोटा रेफर किया। रामस्वरूप का निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। सिर पर गम्भीर चोट लगने से रामस्वरूप की मौत हो गई। रामस्वरूप खेती करता था। उसके 1 बेटा है। जो 10 वीं में पढ़ाई करता है। अंता थाना हेड कॉन्स्टेबल रामहेत ने बताया कि रात साढ़े 9 बजे करीब एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। हादसे में घायल व्यक्ति को 108 की मदद से हॉस्पिटल ले जाया गया। इलाज के दौरान घायल रामस्वरूप की मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।