धौलपुर। जिले के सैंपऊ में विद्युत निगम ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के लिए विशेष कैंप लगाया। एईएन पुष्पेंद्र चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस कैंप में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे। जयपुर डिस्कॉम मुख्यालय के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पूरे जिले में डिस्कॉम की टीमें अलग-अलग जगहों पर कैंप लगा रही हैं। मंगलवार को सैपऊ उपखंड मुख्यालय पर लगे कैंप में डिफॉल्टर और बकायादार उपभोक्ताओं को विशेष छूट दी गई। इस छूट का लाभ उठाते हुए उपभोक्ताओं ने 25 लाख रुपए जमा किए।
विद्युत निगम का यह अभियान मार्च महीने तक चलेगा। बकायादार और डिफॉल्टर उपभोक्ता इस दौरान छूट का लाभ लेकर अपनी बकाया राशि जमा करा सकते हैं। अगर डिफॉल्टर उपभोक्ता छूट के बावजूद राशि जमा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनके बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे। साथ ही गांव-गांव और ढाणी-ढाणी में अभियान चलाकर विद्युत ट्रांसफॉर्मर भी जब्त किए जाएंगे।