टोंक। जिले में क्षेत्रफल और आबादी के हिसाब से अब मालपुरा नगर पालिका और बड़ी हो गई है। इसमें सरकार ने आदेश जारी कर आसपास के 13 गांवों को शामिल कर दिया है। इसी के साथ उपायुक्त एवं उप शासन सचिव (प्रथम) इंद्रजीत सिंह ने इसके आदेश जारी किए है। अब नगर पालिका में शामिल हुई ग्राम पंचायते और उनके गांव का विकास अब शहरी क्षेत्र की तरह होगा। स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन के अनुसार पालिका क्षेत्र में सम्मिलित हुए क्षेत्र को पंचायत राज से पृथक कर दिया गया है।
ग्राम पंचायत राजपुरा का राजस्व ग्राम हाथगी का सीमा क्षेत्र, ग्राम पंचायत सिन्धोलिया का राजस्व ग्राम दौराई (मालियो का) नायको की ढाणी, बैरवा की दौराई का सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र, ग्राम पंचायत रीण्डल्या बुजुर्ग का राजस्व ग्राम धनोता, कल्याणपुरा का सीमा क्षेत्र, ग्राम पंचायत टोरडी का राजस्व ग्राम अम्बापुरा मय ढाणियां (टोरडी स्टेशन गुवालों की ढाणी) का सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र, ग्राम पंचायत डूंगरीकला का राजस्व ग्राम अजमेरों की ढाणी, जाजमों की ढाणी का क्षेत्र, चान्दसेन का राजस्व ग्राम सुईवालों की ढाणी, नागौरियों की ढाणी, अविका नगर का क्षेत्र, ग्राम पंचायत देशमा का राजस्व ग्राम पीनणी, लक्ष्मीपुरा, श्योपुर के सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र को नगर पालिका मालपुरा में शामिल कर दिया है।