धौलपुर। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान 14 मई तक चलेगा। सीएमएचओ डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि इस दौरान मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव और रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार के मरीजों की जांच करेंगी।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चेतराम मीणा ने बताया कि स्थाई जल स्रोतों में लार्वा भक्षी गम्बूशिया मछली डाली जाएगी। मरीजों की रक्त जांच की जाएगी। पॉजिटिव मरीजों का तुरंत इलाज शुरू किया जाएगा। साथ ही उनके आस पास के क्षेत्रों में मच्छर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हर शनिवार को एएनएम की टीम बनाएं। ये टीमें स्कूलों में जाकर बच्चों को इन बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी देंगी। सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में मलेरिया और डेंगू के बारे में जागरूकता के लिए विशेष कॉर्नर बनाए जाएंगे।