धौलपुर। जिले में वन विभाग द्वारा कराए गए पौधारोपण का भुगतान नहीं मिलने से मजदूर परेशान हैं। मजदूरों ने पारिस्थितिक विकास समिति के साथ मिलकर कलेक्टर को अपनी व्यथा सुनाई है। वन विभाग ने मजदूरों को 33 स्थानों पर पेड़ लगाने का काम सौंपा था। समिति के माध्यम से मिला यह काम समय पर पूरा कर दिया गया। काम की निगरानी वन विभाग के देवराज और रणवीर करते थे। दोनों को जनवरी 2025 में निलंबित कर दिया गया। इसके बाद भी मजदूरों ने अपना काम जारी रखा।
मजदूरों का कहना है कि उन्होंने वर्क ऑर्डर के अनुसार सभी निर्धारित स्थानों पर पेड़ लगा दिए। डीएफओ ने एक छोटा सा बिल तैयार किया, लेकिन जब मजदूरों ने भुगतान की मांग की, तो उन्हें टालना शुरू कर दिया। डीएफओ उच्च स्तरीय जांच का हवाला देकर भुगतान नहीं कर रहे हैं। परेशान मजदूरों ने कुछ दिन पहले एसपी को भी शिकायत की थी। अब उन्होंने कलेक्टर से मदद की गुहार लगाई है। समिति के अध्यक्ष राम अवतार के अनुसार, कुछ लोगों ने फर्जी तरीके से पेड़ लगाने के काम का भुगतान करा लिया है। मजदूरों के साथ समिति के अध्यक्ष ने इस मामले की जांच की मांग की है।