बांसवाड़ा। जिले की महिला थाना पुलिस ने 6 साल बाद अपहरण व बलात्कार के केस में फरार इनामी आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी कृष्णा उर्फ दिनेश पुत्र चतरा निवासी सिंघाडो का पाडला को गुजरात के हिम्मतनगर से गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी खुशबू ने बताया कि आरोपी कृष्णा पर पुलिस ने 15 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। हाल ही एसपी हर्षवर्धन अगरवाला ने सभी थानों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे, खासतौर पर इनामी आरोपी।
इस पर टीम का गठन किया और आरोपी कृष्णा की तलाश शुरू की। उसके परिजन, मित्रों सहित टेक्निकल सपोर्ट लेते हुए जांच शुरू की। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गुजरात के जेठीपुरा गांव में रह रहा है। टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर बांसवाड़ा थाने लाए, जहां सोमवार को कोर्ट में पेश किया। एसआई खुशबू ने बताया कि कृष्णा 2019 में सदर थाना क्षेत्र से लड़की का अपहरण कर ले गया था। उसके बाद वो उसे लेकर गुजरात अहमदाबाद चला गया। करीब डेढ़ माह तक उसे अपने साथ रखा और उसके साथ ज्यादती करता रहा। जैसे तैसे कर लड़की उसके चंगुल से बाहर निकली और सीधे अपने घर पहुंची जहां उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई और उन्होंने प्रकरण दर्ज कराया।