भरतपुर। जिले के उद्योग नगर थाना इलाके स्थित जघीना गांव में चार किसानों के 25 बीघा फसल में आग लग गई। बिजली के तारों में हुई स्पार्किंग के बाद चिंगारी सीधे खेत में जा गिरी। जिसके बाद धीरे-धीरे आग आसपास के खेतों में फ़ैल गई। चारों किसानों को लगभग 5 लाख का नुकसान हुआ है। जघीना गांव के वार्ड नंबर 1 के पंच मनोज सिंह ने बताया कि घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। शिवराम, पदम सिंह, वनय सिंह, कृष्ण कुमार के आसपास में खेत स्थित हैं। चारों किसानों के खेतों में गेहूं की फसल खड़ी थी। खेतों के ऊपर 11 केवी बिजली की लाइन जा रही है। जिसमें दोपहर अचानक फॉल्ट हुआ और उसमें से चिंगारी निकलकर खेत में जा गिरी।
जिससे खेत में खड़ी फसल में आग लग गई। आसपास के खेतों में किसान काम कर रहे थे। उन्होंने फोन कर घटना की सूचना खेत के मालिकों को दी। जिसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तुरंत दमकल की गाड़ियों को दी गई। दो दमकल की गाड़ियों ने करीब 1 घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। चारों को किसानों को करीब 5 लाख का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पर प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और, घटना की जानकारी ली।