कोटा। शहर के कुन्हाड़ी थाना इलाके में एक नीट स्टूडेंट की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल लाया गया। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने चेक कर उसे घोषित कर दिया। स्टूडेंट देवकरण (21) पाली जिले के जेतपुर थाना क्षेत्र के गढ़वाड़ा का रहने वाला था। फिलहाल स्टूडेंट की मौत के कारण सामने नहीं आए हैं।बताया जा रहा है कि ह्रदय गति रूकने स्टूडेंट की मौत हुई है। कुन्हाड़ी थाना एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि घटना सुबह 8 बजे के आसपास की है।देवकरण नवंबर के महीने में पाली से कोटा आया था।स्टूडेंट सेल्फ स्टडी करके नीट की तैयारी कर रहा था।
वो रोज लाइब्रेरी में पढ़ने जाता था। आज भी वो लाइब्रेरी में पढ़ने गया। सुबह 7:15 बजे लाइब्रेरी पहुंचा। 7 बजकर 58 मिनट पर लाइब्रेरी से वापस निकला। लाइब्रेरी के पास ही चाय की थड़ी है।करीब 8 बजे वह चाय की थड़ी पर पहुंचा। उसने थड़ी पर बैठी महिला से चाय बनाने के लिए बोला और खुद पट्टी पर बैठ गया। महिला दुकानदार चाय बनाने लग गई। इस दौरान देवकरण बेहोश होकर पट्टी से नीचे गिर गया। और बेहोश हो गया। वहां पास में ही डिस्पेंसरी पर 108 एंबुलेंस खड़ी हुई थी। लोगों ने एंबुलेंस को बुलाया। एम्बुलेंस से उसे एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने चेक कर उसे मृत घोषित कर दिया। स्टूडेंट के परिजनों को सूचना दी। परिजन कोटा के लिए रवाना हो गए। परिजनों ने बताया देवकरण के दिल में छेद था। डेढ़ साल पहले उसका ऑपरेशन हुआ था। अभी उसके मेडिसन चल रही थी। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण सामने आएंगे।