दौसा। एडीजे भर्ती परीक्षा में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सोमवार को वकीलों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। वकीलों ने कोर्ट परिसर में भ्रष्टाचार बंद करने को लेकर नारेबाजी की और वकीलों को ज्यादा से ज्यादा न्यायिक अधिकारी बनाने और भर्ती परीक्षा का परिणाम निरस्त करवाने की मांग की। जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष कुंजबिहारी शर्मा ने बताया कि जिला न्यायालय दौसा में अभिभाषक संघ द्वारा एडीजे भर्ती परीक्षा में हुई धांधली के विरोध में न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर विरोध जताया गया एवं एडीजे भर्ती परीक्षा में हुई धांधली के विरोध में अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
अभिभाषक संघ के अध्यक्ष ने बताया कि भर्ती परीक्षा में अनियमितता बरती गई हैं। इससे वकीलों में काफी आक्रोश है। इसे लेकर बार एसोसिएशन की बैठक की गई। जिसमें सभी ने एक राय होकर कोर्ट में कार्य बहिष्कार रखे जाने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। वकीलों का कहना है कि एडीजे भर्ती परीक्षा में धांधली की गई है। इस भर्ती परीक्षा का परिणाम रद्द किया जाना चाहिए। इस दौरान जिला अभिभाषक संघ के महासचिव विजेंद्र सिंह चेची, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवींद्र सिंह बैसला, उपाध्यक्ष श्रीराम मीना, संयुक्त सचिव अंकित शर्मा, कोषाध्यक्ष मनोहर मुद्गल, पुस्तकालय अध्यक्ष निखिल मोहन शर्मा एवं सभी कार्यकारणी सदस्य उपस्थित रहे।