बिजौलिया, बलवंत जैन। कस्बे में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रविवार देर रात प्रगति नगर कॉलोनी में चोरों ने दो अलग-अलग मकानों को निशाना बनाया और दो बाइक चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें चार संदिग्ध चोर चोरी की बाइक ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 2:30 बजे चार चोर प्रगति नगर कॉलोनी में पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने प्रगति नगर निवासी दिलावर सिंह के मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और परिसर में घुस गए। इसके बाद अंदर खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर उसे चुपचाप बाहर निकाल लिया और फरार हो गए। इस दौरान परिवार का भनक तक नहीं लगी।
इसके बाद चोरों ने पास ही रहने वाले शिक्षक रामफूल मीणा के घर को भी निशाना बनाया। यहां भी मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बाइक चोरी कर ले गए।
पीड़ित दिलावर सिंह ने बताया कि चोर बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हुए। सुबह उठने पर गेट का ताला टूटा मिला और बाइक गायब थी। सामने वाले मकान में भी इसी तरह चोरी की घटना होने का पता चला। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में चार चोर बाइक ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद दोनों पीड़ितों ने बिजौलिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan


