बिजौलिया, बलवंत जैन। पवित्र सावन मास के अवसर पर मन्दाकिनी महाकाल मंदिर बिजौलिया में भगवान महाकाल का विशेष जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं भव्य पुष्प श्रृंगार श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
विद्वान आचार्यों के सानिध्य में भगवान शिव-पार्वती एवं श्रीगणेश पूजन के साथ नमकम-चमकम रुद्री पाठ तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, घृत, मधु, शक्कर एवं पवित्र जल से भगवान महाकाल का अभिषेक कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
25 वर्षों से जारी है परंपरा
मंदिर समिति से जुड़े श्रद्धालुओं ने बताया कि सावन मास में अखंड रामायण पाठ एवं विशेष अभिषेक की परंपरा पिछले 25 वर्षों से निरंतर चली आ रही है। इस वर्ष भी अखंड रामायण पाठ के साथ प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं भजन-कीर्तन के आयोजन किए जा रहे हैं।
पुष्प श्रृंगार ने मोहा मन
भगवान महाकाल के आकर्षक पुष्प श्रृंगार एवं मंदिर में की गई दीप सज्जा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।
मन्दाकिनी महाकाल मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों से सावन मास के शेष दिनों में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan


