बिजौलिया, बलवंत जैन। आगामी उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में उपखंड अधिकारी स्वाती झा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समारोह के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विभागवार जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वहीं आठ निजी विद्यालयों तथा पुलिस विभाग के प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर उपखंड अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे गंभीरता से लिया।
बैठक में नगर पालिका प्रशासन, सरकारी विद्यालयों के प्रतिनिधि, विद्युत विभाग, चिकित्सा विभाग, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उपखंड अधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए तथा सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।
समारोह के लिए पेयजल, मिठाई वितरण, टेंट एवं मंच व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर पालिका को सौंपी गई। इसके अलावा इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करने का निर्णय लिया गया। उपखंड अधिकारी ने स्पष्ट किया कि समारोह के दौरान विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों के अलग कार्यक्रमों में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। निर्देशों की अवहेलना करने वाले निजी विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
बैठक में परेड एवं मार्चपास्ट की तैयारियां, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, मुख्य अतिथि एवं मंच व्यवस्था, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा एवं एम्बुलेंस व्यवस्था, सफाई एवं स्वच्छता अभियान, विद्युत एवं ध्वनि व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन सहित अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सीबीईओ राजेश शर्मा, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कन्हैयालाल शर्मा, प्रधानाचार्य दिलीप सिंह, प्रभारी अधिकारी रामेश्वर बेरवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan


