बिजौलिया, बलवंत जैन। भारतीय जनता पार्टी बिजौलिया मंडल द्वारा भाजपा कार्यालय पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याण, सुशासन एवं सेवा को समर्पित गौरवमयी कार्यकाल के उपलक्ष्य में संगोष्ठी, प्रबुद्धजन संवाद एवं विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल तथा मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर आयोजित विशेष संगोष्ठी एवं प्रबुद्धजन संवाद को संबोधित करते हुए सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी नई पहचान स्थापित की है।
केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य अभूतपूर्व तरीके से हुआ है। विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि मांडलगढ़-बिजोलिया क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा का संकल्प है। उन्होंने आगामी सेवा कार्यों की रूपरेखा भी कार्यकर्ताओं के साथ साझा की। संगोष्ठी के पश्चात भाजपा कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। साथ ही ‘सेवा ही संगठन’ के संकल्प के साथ स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक बद्री प्रसाद गुरुजी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गुरुजी, कल्पेश चौधरी, मांडलगढ़ नगर पालिका पूर्व चेयरमैन संजय डांगी, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष संजय धाकड़, पूर्व उप प्रधान नारायण धाकड़, पंचायत समिति सदस्य अभिषेक सर्वा, अनिल खटीक सहित मंडल के वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, प्रधान, उपप्रधान, सरपंच, उपसरपंच, नगर पार्षद, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan



