धौलपुर। जिले की कंचनपुर थाना पुलिस ने पवेसुरा गांव में हुए हत्याकांड के 2 आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दीपावली की सुबह घर में घुसकर मारपीट की थी। इलाज के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। दोनों पक्षों के बीच खेत की मेड़ काटने को लेकर झगड़ा हुआ था। कंचनपुर थाना प्रभारी शैतान सिंह ने बताया कि दीपावली की सुबह हुए झगड़े में घायल बुजुर्ग दीवान सिंह (65) पुत्र प्यारे सिंह की मौत हो जाने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या में फरार चल रहे दो आरोपी महेश (55) पुत्र भगवान सिंह और सौरभ (20) पुत्र महेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पिता-पुत्र हैं। जिन्हें मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया है। बहुचर्चित पवेसुरा हत्याकांड के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद पुलिस की टीम ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के बाद हत्या के मामले में आरोपी दोनों पिता पुत्र को कोर्ट में पेश किया जाएगा।


