चित्तौड़गढ़। नारकोटिक्स विभाग में अफीम तोल का शुक्रवार को चौथा दिन है। आज पहले डिवीजन में 502 किसानों और दूसरे डिवीजन में 608 किसानों के अफीम को तोला जा रहा है। इस दौरान भूमि विकास बैंक के चेयरमैन और कपासन के पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट ने मौके पर पहुंचकर अचानक से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ-साथ किसानों से भी बातचीत की। किसानों ने इस बार जल्दी ही 100 प्रतिशत भुगतान मिलने के कारण खुशी जताई। इसके अलावा भी इस साल मौसम अफीम के पौधों के लिए अनुकूल रहा, जिसके कारण उत्पादन भी अच्छा था। किसान अपने उत्पादन से भी काफी खुश नजर आए।
1 अप्रैल से नारकोटिक्स विभाग में अफीम तोल का काम चल रहा है। सुबह 4 से ही किसान तोल केंद्र पर पहुंचना शुरू हो गए थे। किसान जल्दी आकर अपनी उपज की तुलाई कर जल्दी ही काम के लिए वापस अपने गांव चले गए। इस दौरान भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष और कपासन के पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट भी मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे। नारकोटिक्स के पहले डिवीजन में 502 और दूसरे डिवीजन में 608 किसानों की अफीम का आज तोल होगा। बद्रीलाल जाट ने अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि इस साल सभी अफीम गाजीपुर फैक्ट्री की जगह नीमच फैक्ट्री भेजी जा रही है। वहां पर जल्दी टेस्टिंग होने के बाद 2 दिन में ही 100 प्रतिशत किसानों को भुगतान किया जा रहा है। इस बात से किसान भी काफी खुश नजर आए।
बद्रीलाल जाट ने बताया कि किसानों से बातचीत कर इस बात का पता चला है कि अब इस साल कई महीनों तक उनका पेमेंट के लिए रुका नहीं रहना पड़ेगा। वहीं दिल्ली से नारकोटिक्स के डायरेक्टर विनोद कुमार और कोटा अप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल भी चित्तौड़गढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने भी दोनों केन्द्रों पर जाकर काम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने इस बात की खुशी जताई कि इस साल अफीम के लिए मौसम अनुकूल रहा। चित्तौड़गढ़ जिले में पाले की समस्या भी नहीं हुई। जिसके कारण पैदावार भी अच्छी हुई है। इस बार किसानों की अफीम भी काफी अच्छी क्वालिटी के निकल रही है।