सीकर। जिले के लक्ष्मणगढ़ में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र (51) ने आरोपी अशोक कुमार पर 20 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने अब एसीजेएम कोर्ट, लक्ष्मणगढ़ में शिकायत दी है।
सुरेंद्र ने बताया- आरोपी अशोक कुमार ने उनके दोनों बेटों को फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) में नौकरी लगवाने का वादा किया था। इसके बदले उसने दोनों बेटों से 20 लाख रुपए ले लिए। अशोक ने अन्य युवकों से भी उनके सामने लाखों रुपए वसूले लेकिन किसी को नौकरी नहीं दी। जब सुरेंद्र ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने 4 अक्टूबर 2024 को 500 रुपए के स्टांप पेपर पर लिखित वादा किया और 10-10 लाख के दो चेक दिए। अशोक ने 20 दिन में पैसा लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन चेक बैंक में जमा करने पर अपर्याप्त राशि के कारण बाउंस हो गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपी अब उनका फोन तक नहीं उठाता। सुरेंद्र ने इस मामले की शिकायत 12 नवंबर 2024 को लक्ष्मणगढ़ थाने में दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 30 नवंबर 2024 को सीकर एसपी को शिकायत दी, फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद सुरेंद्र ने एसीजेएम कोर्ट लक्ष्मणगढ़ में परिवाद दायर किया। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कॉन्स्टेबल रामदेव सिंह कर रहे हैं।