चौमहला (झालावाड़), बलवंत जैन। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में झालावाड़ जिले के चौमहला कस्बे में 40वें मोहर्रम के अवसर पर बुधवार को श्रद्धा, अकीदत और अनुशासन के साथ ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरे कस्बे में गम और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
नौजवान हुसैनी कमेटी के लाइसेंसधारक आबिद हुसैन ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इमामगाह से ताजिया जुलूस रवाना हुआ। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कर्बला पहुंचा, जहां अकीदतमंदों ने जियारत कर इमाम हुसैन की शहादत को नमन किया।
जुलूस के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह छबील (शीतल पेय) के स्टॉल लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को शीतल पेय और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मध्यप्रदेश के जावरा से आए डायमंड बैंड ने मातमी धुनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भावुक बना दिया।
इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नौजवान हुसैनी कमेटी का सम्मान किया। पूरे आयोजन के दौरान आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव का संदेश देखने को मिला। मोहर्रम के जुलूस को देखने के लिए चौमहला, गंगधार, चिश्तीपुरा आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। जुलूस का मुख्य आकर्षण का केंद्र हुसैनी अखाड़ा रहा। मुस्लिम कमेटी द्वारा विशाल लंगर का भी आयोजन किया गया।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan


