माण्डलगढ़, बलवंत जैन। क्षेत्रीय विधायक गोपाल खंडेलवाल की अनुशंसा एवं प्रयासों के फलस्वरूप राज्य सरकार ने बजट घोषणा वर्ष 2026-27 के अंतर्गत माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास के लिए ₹12.10 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इस स्वीकृति के तहत 10 सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनकी कुल लंबाई 23.98 किलोमीटर होगी।
इन स्वीकृत कार्यों में 3 मिसिंग लिंक सड़कें एवं 7 नॉन-पेचेबल सड़कें शामिल हैं। मिसिंग लिंक सड़कों पर ₹5.50 करोड़ तथा नॉन-पेचेबल सड़कों पर ₹6.60 करोड़ व्यय किए जाएंगे।
स्वीकृत सड़क कार्य
मिसिंग लिंक सड़कें (₹5.50 करोड़)
1. आरोली से बंजारों की जटरी (कि.मी. 0/0 से 1/0) – ₹90 लाख
2. चांदजी की खेड़ी से पंचानपुरा वाया राखोली (कि.मी. 0/0 से 3/400) – ₹2.60 करोड़
3. सिंहड़ी का खेड़ा से मोटरों का झोपड़ा वाया परमेश्वरपुरा (कि.मी. 0/0 से 3/500) – ₹2.00 करोड़
नॉन-पेचेबल सड़कें (₹6.60 करोड़)
1. होड़ा से नील की खेड़ी (कि.मी. 6/0 से 7/500 एवं 11/0 से 12/0) – ₹90 लाख
2. संपर्क सड़क धामनगरही (कि.मी. 0/0 से 1/800) – ₹75 लाख
3. संपर्क सड़क रेलवे स्टेशन बिछुलपुरा (कि.मी. 0/0 से 2/0) – ₹75 लाख
4. फूलजी की खेड़ी से श्यामगढ़ ढल्ला (कि.मी. 0/0 से 1/500) – ₹65 लाख
5. संपर्क सड़क रैण का माताजी (कि.मी. 0/0 से 1/100) – ₹40 लाख
6. रेणवास से सुखेपा (कि.मी. 0/0 से 4/0) – ₹1.70 करोड़
7. मानपुरा जलींदी सड़क से गणेशपुरा (कि.मी. 0/0 से 3/180) – ₹1.45 करोड़
विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आवागमन सुगम होगा, किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों को बेहतर यातायात उपलब्ध होगा तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे लगातार राज्य सरकार के समक्ष जनहित के प्रस्ताव रख रहे हैं और उसी का परिणाम है कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों की स्वीकृतियां मिल रही हैं। आने वाले समय में भी सड़क, शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी संकल्प के साथ विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan


